भारत और यूएई ने पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता के लिए सहयोग बढ़ाने पर जताई प्रतिबद्धता

भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सहयोग और समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने फोन किया। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के मौजूदा घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श किया।

प्रधानमंत्री मोदी और यूएई के राष्ट्रपति ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए नए उपायों पर भी चर्चा की। इस दौरान ऊर्जा, रक्षा, प्रौद्योगिकी, निवेश और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के मुद्दों पर विचार हुआ।

यूएई के राष्ट्रपति ने भारत की सफल ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में यूएई के क्राउन प्रिंस शेख खालिद की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने भारत की अध्यक्षता के दौरान ठोस परिणाम हासिल करने में यूएई के सहयोग और साझेदारी के लिए भी आभार व्यक्त किया।

यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *